घर में घुसी बेकाबू कार, मची अफरा-तफरी; खेल रहे बच्चे आए चपेट में

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

राजपुरा मिलेट्री कैंट रेलवे क्रॉसिंग के पास हादसा, मजबूत दीवार तोड़कर आंगन में घुसी कार; चालक मौके से फरार

हल्द्वानी। राजपुरा मिलेट्री कैंट रेलवे क्रॉसिंग के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बैक करते समय एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसी। हादसे के दौरान बाहर खेल रहे कुछ बच्चे कार की चपेट में आकर हल्के चोटिल हो गए, जबकि 10 वर्षीय बालक वंश झटका लगने से छिटककर नाली में जा गिरा। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जानकारी के अनुसार एरोड्रम रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास कार बैक करते समय अचानक अनियंत्रित हो गई और स्थानीय निवासी संजय के घर की मजबूत सीमेंट की दीवार को तोड़ते हुए आंगन में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज धमाके की आवाज सुनकर घर के अंदर मौजूद परिजन बाहर की ओर दौड़े। परिवार में मातृ शोक होने के कारण सभी लोग घर के अंदर थे, जबकि बच्चे बाहर खेल रहे थे गृह स्वामी संजय ने बताया कि बाहर से तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो कार आंगन में घुसी हुई थी और उसकी टक्कर से मजबूत पटाल भी टूटकर अंदर की ओर गिर गई थी। हादसे में उनका 10 वर्षीय पुत्र वंश झटका लगने से नाली में जा गिरा। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। वहीं हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पुलिस को देदी गई है।

Advertisement
Advertisement