हल्द्वानी – ऑपरेशन प्रहार के तहत नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 66 लाख की स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में चल रहे अभियान के अंतर्गत एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 221 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत लगभग 66 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली गई। तलाशी में उसके कब्जे से भारी मात्रा में स्मैक, नगदी और अन्य उपकरण बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष) निवासी अल्मोड़ा, हाल निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं।

बरामदगी में शामिल –

221 ग्राम स्मैक (कीमत करीब ₹66.30 लाख)

₹14,520 नगद

इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन

इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा 1500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

अन्य दो तस्कर भी गिरफ्तार –

ऑपरेशन प्रहार के तहत ही पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो और स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है। राजपुरा क्षेत्र से गुलशन (28 वर्ष) को 4.18 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। वनभूलपुरा क्षेत्र से मेराज अली (45 वर्ष) को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। मेराज अली के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जा रही है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *