50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, आंगनबाड़ी प्रमोशन में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा

Spread the love

दीपक अधिकारी 

हल्द्वानी 

देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सतर्कता विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रुड़की में आंगनबाड़ी सहायिका के प्रमोशन के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आया है, जिसमें विभागीय सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए कार्यालय बाल विकास अधिकारी, रुड़की ग्रामीण द्वितीय हरिद्वार में तैनात सुपरवाइजर राखी सैनी को शिकायतकर्ता सपना कश्यप से प्रमोशन कराने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। सपना कश्यप आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में केन्द्र संख्या 7 भौरी, रुड़की ग्रामीण द्वितीय में कार्यरत हैं।बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग से संपर्क कर आरोप लगाया था कि प्रमोशन के लिए उनसे रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सतर्कता विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *