हल्द्वानी: नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में बैंणी सेना का शानदार प्रदर्शन, एक माह में 35 लाख से अधिक की वसूली

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में नगर निगम की बैंणी सेना ने राजस्व वसूली के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए नगर निगम की आय में बड़ा इजाफा किया है। बीते एक माह में बैंणी सेना द्वारा 35 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई है, जिससे नगर निगम के राजस्व में मजबूती आई है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा द्वारा पूर्व में आयोजित बैठक में बैंणी सेना को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन शुल्क वसूली को लेकर स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसी लक्ष्य के अनुरूप बैंणी सेना ने पूरे नगर निगम क्षेत्र में सघन अभियान चलाकर बेहतर परिणाम हासिल किए हैं बताया जा रहा है कि बैंणी सेना हर वर्ष 4 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व नगर निगम को उपलब्ध करा रही है। वर्तमान में बैंणी सेना हल्द्वानी नगर निगम के 60 वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य कर रही है। नगर निगम प्रशासन ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन शुल्क का भुगतान न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए हैं। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु रखने और नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में वसूली अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि स्वच्छ हल्द्वानी के साथ-साथ नगर निगम की आर्थिक स्थिति को भी और सुदृढ़ किया जा सके।

Advertisement
Advertisement