चारधाम यात्रा: 50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं को हेल्थ प्रोफाइल अपलोड करना अनिवार्य

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। चारधाम यात्रा पर जाने वाले 50 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं को अब स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना अनिवार्य होगा। प्रदेश सरकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर यह अहम निर्णय लिया है। स्वास्थ्य धाम पोर्टल के जरिए श्रद्धालु अपनी हेल्थ प्रोफाइल अपलोड करेंगे, जिससे उनकी यात्रा के दौरान विशेष निगरानी की जा सकेगी।स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि पर्यटन विभाग के यात्रा पंजीकरण वेबसाइट पर स्वास्थ्य धाम पोर्टल का लिंक उपलब्ध रहेगा। इस पोर्टल पर 50 वर्ष से अधिक उम्र के श्रद्धालुओं को अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देनी होगी। यदि कोई श्रद्धालु पहले से किसी बीमारी से ग्रसित है, तो उसे उसकी जानकारी भी देनी होगी।उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रा से पहले स्क्रीनिंग प्वाइंट्स पर 50 वर्ष से अधिक आयु के सभी श्रद्धालुओं की अनिवार्य रूप से जांच होगी। जियो ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से उच्च जोखिम वाले श्रद्धालुओं की यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य निगरानी की जाएगी।प्रदेश सरकार का लक्ष्य चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी को समय रहते नियंत्रित करना है। इसके लिए यात्रा मार्गों और धामों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement