हल्द्वानी में 21 जुलाई से शुरू होगी सिटी बस सेवा

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी शहरवासियों को लंबे समय से जिस सार्वजनिक परिवहन सुविधा का इंतजार था, वह अब पूरा होने जा रहा है। हल्द्वानी में सिटी बस सेवा का संचालन आगामी 21 जुलाई से शुरू हो जाएगा। इस योजना को अंतिम रूप 18 मार्च को काठगोदाम सर्किट हाउस में हुई क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) की बैठक में दिया गया, जिसकी अध्यक्षता आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने की प्रारंभिक चरण में यह सेवा शहर के छह प्रमुख रूटों रानीबाग, मुखानी, टीपीनगर, लामाचौड़, कालाढूंगी और काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर चलाई जाएगी। शुरुआत में केवल नई बसों को परमिट देने की शर्त रखी गई थी, लेकिन आवेदकों की सीमित संख्या को देखते हुए आरटीओ प्रशासन ने इसमें शिथिलता प्रदान की है। अब तकनीकी परीक्षण के आधार पर पुरानी बसों को भी परमिट जारी किए जाएंगे हर रूट की पहचान के लिए रंग-बिरंगी पट्टियों का प्रयोग किया जाएगा, जिससे यात्रियों को मार्ग पहचानने में आसानी होगी। उदाहरणस्वरूप, ग्रीन लाइन, ब्लू लाइन और येलो लाइन जैसी श्रेणियाँ बनाई गई हैं। बस सेवा का संचालन गर्मियों में सुबह 6:30 बजे से रात 8 बजे तक और सर्दियों में सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा। आवश्यकता अनुसार सेवा के समय में आगे संशोधन भी किया जा सकता है टिकट की दरें आरटीए द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार होंगी। सिटी बस सेवा को सफल और निर्बाध बनाने के लिए शहर में चलने वाले ई-रिक्शा के संचालन को भी नियंत्रित किया जाएगा। ई-रिक्शा को तय रूट और समय के अनुसार समायोजित किया जाएगा ताकि वे बस मार्ग में बाधा न उत्पन्न करें। आरटीओ सुनील शर्मा ने बताया कि यह सेवा शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुगम यातायात सुविधा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement