खाई में गिरी कार, एक की मौत, चार घायल, SDRF ने अंधेरे में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

रामगढ़ रोड पर दर्दनाक हादसा, SDRF ने रातभर किया राहत कार्य, घायलों को खाई से निकाल अस्पताल पहुंचाया

नैनीताल। जनपद के रामगढ़ रोड पर स्यामखेत के समीप देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार पांच में से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। रात्रि लगभग 11:43 बजे SDRF को सूचना मिली तो नैनीताल पोस्ट से टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई और अंधेरे तथा विषम परिस्थितियों के बावजूद राहत व बचाव अभियान चलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने उपनिरीक्षक लाल सिंह के नेतृत्व में मोर्चा संभालते हुए रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन में घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटनास्थल बेहद संकरी, अंधेरी और खतरनाक खाई में स्थित था, जिससे रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने खाई में उतरकर स्ट्रैचर की मदद से एक-एक कर सभी घायलों को मुख्य सड़क तक पहुंचाया और फिर उन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं मृतक का शव गहरी खाई से बाहर लाकर पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। हादसे में मृत युवक की पहचान 29 वर्षीय आदित्य शुक्ला पुत्र स्व. मनोज कुमार निवासी कैलाशपुरी, इको गार्डन, आलमबाग लखनऊ के रूप में हुई है। जबकि अन्य चार घायल युवक भी लखनऊ के ही विभिन्न इलाकों से हैं और नैनीताल घूमने आए थे। घायल रोहन अरोड़ा के पैर में फ्रैक्चर आया है, जबकि तुषार तिवारी और सुमित गुप्ता को हल्की चोटें आई हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement