नशे में धुत युवकों की सड़कों पर गुंडागर्दी, पुलिस ने पढ़ाया कानून का पाठ, वीडियो वायरल होने के बाद त्वरित कार्रवाई

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी/देहरादून। नैनीताल और देहरादून जनपद में सड़क सुरक्षा के उल्लंघन और सार्वजनिक जगहों पर हुड़दंग के मामलों में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। दोनों ही घटनाओं में नशे की हालत में सड़क पर स्टंट और गुंडागर्दी करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने न केवल पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया, बल्कि कानून का कड़ा संदेश भी दिया। हल्द्वानी में वायरल एक वीडियो में युवक को मोटरसाइकिल चलाते समय खुलेआम शराब पीते हुए देखा गया, जो न केवल सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था, बल्कि सार्वजनिक मर्यादा के भी विरुद्ध था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर थाना मुखानी पुलिस ने तत्परता से आरोपी नवीन सिंह भोजक, निवासी कुसुमखेड़ा, बिठौरिया को चिन्हित कर चालानी कार्रवाई की और सख्त चेतावनी के साथ उसकी काउंसलिंग की गई। युवक ने अपनी गलती स्वीकार कर भविष्य में ऐसा न करने का आश्वासन दिया।वहीं देहरादून में भी शराब के नशे में हुड़दंग करते हुए युवकों का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक कार के बोनट पर बैठकर मसूरी क्षेत्र में सड़कों पर उत्पात मचाते दिखे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय कुमार के आदेश पर दून पुलिस ने तीन युवकों राहुल कुमार (खदरगढ़), वासु (यमुना माजरा), और चंद्र भाटी (गाजियाबाद) को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की। उनके द्वारा प्रयुक्त दो वाहनों, एक बुलेरो (UP-19-M-3203) और एक इनोवा (UP-14-DQ-5700) को भी सीज कर लिया गया।पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सड़क पर लापरवाही और हुड़दंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़क पर नशे में वाहन चलाना और स्टंट करना न सिर्फ खुद के लिए, बल्कि आमजन के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement