हल्द्वानी: कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने सुनी जनसमस्याएं, डेवलपर की धोखाधड़ी मामले में दिए सख्त निर्देश

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी: कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए गए। इस दौरान रुद्रपुर के एक प्रॉपर्टी डेवलपर द्वारा की गई धोखाधड़ी का मामला प्रमुखता से छाया रहा। जनता दरबार में फरियादियों ने आरोप लगाया कि रुद्रपुर के एक डेवलपर ने प्लॉटिंग और जमीन से जुड़े मामलों में कई लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर दीपक रावत ने संबंधित प्राधिकरण को निर्देशित किया कि यदि उक्त डेवलपर द्वारा कॉलोनी का नक्शा पास नहीं कराया गया है, तो तत्काल चालान की कार्रवाई की जाए।कमिश्नर ने उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी से भी पूरे मामले में रिपोर्ट तलब की है और लैंड फ्रॉड की विस्तृत जानकारी मांगी है, ताकि संबंधित डेवलपर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की धोखाधड़ी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता दरबार में आये अन्य फरियादियों की समस्याओं को भी गंभीरता से लिया गया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए।

Advertisement
Advertisement
Advertisement