दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से आत्मीय संवाद – कालाढूंगी 2027 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, पूर्व सैनिक, शिक्षक, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वरोजगार, खेल, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता जैसे विषयों पर चर्चा करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए सुझाव दिए गए।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता मनोज पाठक ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का विकास केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के हर जागरूक नागरिक की भागीदारी से संभव है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने गांव और क्षेत्र के विकास को अपना दायित्व समझे, तो कालाढूंगी विकास का आदर्श मॉडल बन सकता है मनोज पाठक ने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पुस्तकालय संस्कृति, युवाओं के कौशल विकास, रोजगार, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, योग जागरूकता और रात्रि चौपाल जैसे कई जनहित के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने विकसित, शिक्षित, स्वस्थ और आत्मनिर्भर कालाढूंगी के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया। साथ ही भविष्य में भी विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर ऐसे आत्मीय संवाद और रात्रि चौपाल आयोजित करने का निर्णय लिया गया, ताकि लोगों की समस्याओं को सीधे सुना जा सके और जनभागीदारी से विकास को गति मिल सके।








