दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
रामनगर उत्तराखंड के रामनगर क्षेत्र में एक निजी विद्यालय के संगीत शिक्षक पर 12 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, रामनगर निवासी एक महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी 12 वर्षीय बेटी शहर के एक निजी विद्यालय में पढ़ती है। आरोप है कि विद्यालय के संगीत शिक्षक तेलीपुरा निवासी जस्टिन ने संगीत सिखाने के बहाने छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार किया।परिजनों के मुताबिक, छात्रा जब घर पहुंची तो उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिवार को दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








