ऑपरेशन सैनेटाइज: एसएसपी प्रहलाद मीणा खुद उतरे मैदान में, 70 संदिग्ध हिरासत में

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के उद्देश्य से नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा (IPS) ने मंगलवार शाम खुद मोर्चा संभाल लिया। ‘ऑपरेशन सैनेटाइज’ के तहत एसएसपी मीणा ने हल्द्वानी शहर के प्रमुख बाजारों में पुलिस बल के साथ पैदल फ्लैग मार्च करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कारखाना बाजार, साहूकार बाजार, पटेल चौक, नया बाजार, बर्तन बाजार, मीरा मार्ग और सदर बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर उन्होंने सुरक्षा तैनाती की समीक्षा की और अधीनस्थ अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों से सत्यापन संबंधी पूछताछ की और व्यापारियों को बिना सत्यापन बाहरी व्यक्तियों को काम पर न रखने की सख्त हिदायत दी।पुलिस ने शहर के विभिन्न बिंदुओं पर नाकाबंदी और पिकेट ड्यूटी लगाकर चेकिंग अभियान भी चलाया। इस दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और 70 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 8 संदिग्ध बाबा भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी से कोतवाली हल्द्वानी में पूछताछ की जा रही है, सत्यापन के बाद ही छोड़ा जाएगा, अन्यथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी मीणा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि दीपावली खुशियों का पर्व है, लेकिन सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। सभी लोग अनुशासन और संयम के साथ त्योहार मनाएं, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने बच्चों और कीमती सामान का ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement