ट्रेन से गिरा यात्री, रेलवे कर्मचारी की तत्परता ने बचाई जान

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के मथुरा छावनी स्टेशन पर कार्यरत मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक नंद सिंह मीणा ने मंगलवार को मानवता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। जयपुर से गोमतीनगर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 19715 में ड्यूटी के दौरान गोमतीनगर स्टेशन पहुंचने पर उन्हें सूचना मिली कि एक यात्री ट्रेन से उतरते समय प्लेटफॉर्म और कोच के बीच गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही श्री मीणा बिना समय गंवाए संबंधित कोच पर पहुंचे और देखा कि यात्री घायल अवस्था में ट्रेन के नीचे पड़ा है। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए कोच अटेंडेंट और आरपीएफ की सहायता से यात्री को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर उसे अस्पताल भिजवाया। इस त्वरित राहत कार्य से घायल यात्री को समय रहते चिकित्सीय सुविधा मिल सकी और उसकी जान बचाई जा सकी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने भी घटना की पुष्टि करते हुए श्री मीणा की प्रशंसा की और कहा कि इस प्रकार की सजगता और मानवीय संवेदना रेल सेवाओं की गरिमा को और बढ़ाती है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement