होली पर रेलवे का तोहफा…लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 1 मार्च से

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हर रविवार चलेगी विशेष गाड़ी , 20 कोचों के साथ उत्तराखंड से गुजरात तक सीधी कनेक्टिविटी

लालकुआं: होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने लालकुआं-राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक होली विशेष ट्रेन (05045/05046) चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष गाड़ी 1 मार्च से 29 मार्च तक प्रत्येक रविवार को लालकुआं से तथा 2 मार्च से प्रत्येक सोमवार को राजकोट से संचालित की जाएगी। इससे उत्तराखंड, राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 05045 लालकुआं-राजकोट होली स्पेशल 1 से 29 मार्च तक प्रत्येक रविवार को लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन किच्छा, बहेड़ी, बरेली सिटी, कासगंज जंक्शन, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट और दौसा होते हुए दूसरे दिन रात 12:45 बजे जयपुर पहुंचेगी। इसके बाद फुलेरा, नावा सिटी, कुचामन सिटी और जोधपुर के रास्ते आगे बढ़ेगी।जोधपुर से सुबह 05:50 बजे प्रस्थान कर ट्रेन लूनी, समदड़ी जंक्शन, जालोर, मोदरान, मारवाड़ भीनमाल, रानीवाड़ा, धनेरा, भीलड़ी, पाटन, महेसाणा जंक्शन, वीरमगाम, सुरेंद्रनगर और वांकानेर जंक्शन होते हुए शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी।

20 कोचों के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन

इज्जतनगर मंडल के डीसीएम मनोज शर्मा ने बताया कि इस विशेष गाड़ी में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 2 एसएलआरडी, 11 शयनयान (स्लीपर) श्रेणी, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (AC-3), 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (AC-2) तथा 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल होंगे।रेलवे का मानना है कि होली के अवसर पर बड़ी संख्या में प्रवासी और पर्यटक अपने घरों को लौटते हैं। ऐसे में इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में सहूलियत होगी और लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुगम बन सकेगी। त्योहार के मद्देनजर रेलवे द्वारा उठाया गया यह कदम यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होने की उम्मीद है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement