गैरसैंण में सजेगा सत्ता का मंच, 9 से 13 मार्च तक भराड़ीसैंण में होगा बजट सत्र

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून/गैरसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में 9 से 13 मार्च तक बजट सत्र आयोजित किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने बजट सत्र की तिथियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग की ओर से इस संबंध में विधानसभा सचिवालय को पत्र भेजा जा चुका है। राज्यपाल की अनुमति मिलते ही सत्र की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।पिछले वर्ष भवन में मरम्मत कार्य के चलते बजट सत्र देहरादून में आयोजित किया गया था, लेकिन इस बार सदन फिर गैरसैंण में गूंजेगा। कैबिनेट ने सत्र की तिथि और स्थान तय करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया था। मुख्यमंत्री पहले ही संकेत दे चुके थे कि बजट सत्र गैरसैंण में ही होगा। अब सरकार ने 9 से 13 मार्च की तिथियां तय कर राजनीतिक सरगर्मियां तेज कर दी हैं।इस बार का बजट सत्र कई मायनों में खास रहने वाला है। विधानसभा को अब तक सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों से 500 से अधिक प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। सत्र शुरू होने में अभी समय है, ऐसे में सवालों की संख्या और बढ़ सकती है। इन प्रश्नों के जरिए विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, विकास योजनाओं और वित्तीय प्रबंधन पर सरकार को जवाब देना होगा।इसके अलावा सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक और वार्षिक प्रतिवेदन भी सदन के पटल पर रखेगी। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, आगामी लोकसभा चुनाव से पहले होने वाला यह बजट सत्र सरकार की प्राथमिकताओं और विपक्ष की रणनीति को भी स्पष्ट करेगा।विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कहा कि भराड़ीसैंण में बजट सत्र के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सचिवालय के कर्मचारी व्यवस्थाओं में जुटे हैं और राज्यपाल की मंजूरी मिलते ही सत्र की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *