हल्द्वानी: नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में नगर निगम ने लिया पंचायत भवन पर कब्जा, आरा मशीन पर की यह कार्रवाई

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी नगर निगम की त्वरित कार्रवाई से गौजाजली क्षेत्र में ग्राम पंचायत भवन पर कब्जे की कोशिश नाकाम कर दी गई। नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन को अपने कब्जे में लिया और अवैध कब्जाधारियों को हटाया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी अतिक्रमण की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाए। वहीं, समता योग आश्रम गली में खुले में चल रही आरा मशीन पर जन स्वास्थ्य को देखते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से कार्रवाई की गई। खुले में आरा मशीन संचालित होने से स्थानीय निवासियों को धूल और शोर से परेशानी हो रही थी, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता था। इस पर नगर निगम ने मशीन को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने कहा, “जनता के स्वास्थ्य और अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध कब्जे और जन स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।” नगर निगम की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और प्रशासन के इस कदम की सराहना की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement