उत्तराखंड: (बड़ी खबर)-1317 एलटी शिक्षकों को दी जाएगी एक माह के भीतर नियुक्ति

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 1317 सहायक अध्यापक (एलटी) शिक्षकों को प्रदेश के विभिन्न दुर्गम विद्यालयों में एक माह के भीतर नियुक्ति दी जाएगी। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सभी चयनित शिक्षकों की प्रथम तैनाती पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में की जाएगी।

विषयवार चयनित शिक्षकों की संख्या

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा जारी अंतिम चयन परिणाम के अनुसार, विभिन्न विषयों में शिक्षकों का चयन हुआ है:

गणित: 153

सामान्य: 237

विज्ञान: 197

वाणिज्य: 15

संस्कृत: 21

उर्दू: 1

इंग्लिश: 164

हिन्दी: 179

कला: 229

संगीत: 8

गृह विज्ञान: 13

व्यायाम: 100

प्राथमिकता के आधार पर दुर्गम क्षेत्रों में तैनाती

शिक्षा मंत्री ने बताया कि सभी चयनित शिक्षकों को पहले गढ़वाल मंडल के चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी और उत्तरकाशी तथा कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर और अल्मोड़ा जनपदों के दुर्गम विद्यालयों में नियुक्ति दी जाएगी। इसके अलावा, देहरादून के चकराता ब्लॉक और नैनीताल के ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ विद्यालयों में भी शिक्षकों की तैनाती होगी।डॉ. रावत ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के दूरस्थ विद्यालयों में शत-प्रतिशत शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करना है, ताकि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इससे शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी और छात्रों को पढ़ाई के लिए अन्यत्र विद्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

जल्द जारी होंगे शेष पदों के परिणाम

उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग ने 1544 पदों का अधियाचन आयोग को भेजा था, जिसके सापेक्ष 1317 पदों पर चयनित शिक्षकों की सूची जारी की गई है। शेष पदों के लिए चयन परिणाम न्यायालय में योजित याचिका के निस्तारण के बाद घोषित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *