उत्तराखंड(बड़ी खबर)खानपुर विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

उत्तराखंड के खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार के कैंप कार्यालय पर एक बार फिर फायरिंग की गई है. यह घटना 27 फरवरी की सुबह करीब 3:00 बजे की बताई जा रही है, जब दो नकाबपोश हमलावरों ने कार्यालय पर गोलियां चलाईं. इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों को फायरिंग करते हुए देखा जा सकता है. इस घटना के बाद उमेश कुमार की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद हरिद्वार पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी गई है.हरिद्वार के एसएसपी परमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा, “हमारे संज्ञान में यह घटना आई है. सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.”यह कोई पहली बार नहीं है जब खानपुर विधायक उमेश कुमार के कार्यालय पर हमला हो चुका है इससे पहले भी उनके घर और कार्यालय को निशाना बनाया जा चुका है. इस घटना के पीछे विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बीच चल रहे विवाद को बड़ी वजह माना जा रहा है. दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से तनातनी बनी हुई है, जिसके चलते खानपुर क्षेत्र में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है.हरिद्वार पुलिस के अनुसार, इस घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा सके. इसके अलावा, स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement