नैनीताल में सेल्फी लेते वक्त झील में गिरी महिला पर्यटक, पुलिस ने बचाई जान

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में मल्लीताल क्षेत्र के बोट स्टैंड के पास देर रात एक चौंकाने वाली घटना घटी। प्रयागराज से घूमने आई एक महिला पर्यटक सेल्फी लेने के दौरान रेलिंग से फिसलकर नैनी झील में जा गिरी। गनीमत रही कि वहां मौजूद पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाई और स्थानीय नाविकों की सहायता से महिला की जान बचा ली। घटना के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां अब वह पूरी तरह स्वस्थ है यह घटना सोमवार रात करीब 11:15 बजे की है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से नैनीताल घूमने आई महिला बोट स्टैंड के पास झील किनारे सेल्फी ले रही थी। इसी दौरान उसका पैर फिसला और वह रेलिंग पार कर झील में गिर गई। उस वक्त मल्लीताल पुलिस की टीम पास में ही तैनात थी, जिसने बिना देरी किए बचाव कार्य शुरू कर दिया।पिकेट ड्यूटी पर मौजूद कांस्टेबल मनोज कुमार और आईआरबी कांस्टेबल मनोहर सिंह ने चीता मोबाइल की टीम के साथ मिलकर तत्परता दिखाई। स्थानीय नाविकों की मदद से उन्होंने डूब रही महिला को झील से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत बीडी पांडे चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने जमकर तारीफ की है। इस घटना ने एक बार फिर झील किनारे सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों की सावधानी पर सवाल उठा दिए हैं। हालांकि, समय रहते पुलिस के साहस और सूझबूझ ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement