दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
उत्तराखंड – एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की टीम ने सोमवार देर शाम स्पा सेंटरों पर अचानक छापेमारी कर कार्रवाई की, जिससे स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान नियमों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर पुलिस ने 10 स्पा सेंटरों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करा दिया, जबकि एक बार पर भी कार्रवाई की गई प्राप्त जानकारी के अनुसार, उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में स्पा सेंटरों में अनियमित संचालन और नियमों की अनदेखी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की टीम स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। छापेमारी के दौरान कई स्पा सेंटरों के संचालक और कर्मचारी सेंटर बंद कर मौके से फरार हो गए।टीम ने एक-एक कर सभी स्पा सेंटरों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस, संचालन से जुड़े दस्तावेज, कर्मचारियों का सत्यापन रजिस्टर और पहचान पत्रों की बारीकी से जांच की गई। जांच में कई स्पा सेंटरों में आवश्यक अनुमति और लाइसेंस नहीं पाए गए, वहीं कई जगह कर्मचारियों का कोई वैध रिकॉर्ड मौजूद नहीं था।इसके अलावा तय मानकों के उल्लंघन और अन्य गंभीर कमियां भी सामने आईं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए संबंधित स्पा सेंटरों को सील कर दिया। सभी सेंटरों पर नोटिस चस्पा कर ताले लगाए गए हैं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की प्रभारी इंस्पेक्टर बसंती आर्य ने बताया कि क्षेत्र के 10 स्पा सेंटरों और एक बार पर कार्रवाई की गई है। स्पा सेंटरों में अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूलते हुए उन्हें कागजातों की जांच पूरी होने तक बंद कराया गया है। वहीं एक बार में नाबालिग को शराब पिलाने के मामले में 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों और नियमों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

