फायरिंग की झूठी सूचना देना पड़ा भारी, युवक पर ₹5000 का जुर्माना

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में डायल 112 पर फायरिंग की सूचना देकर पुलिस और प्रशासन को अलर्ट मोड में डालने वाला मामला झूठा निकला। मुखानी थाना क्षेत्र के ऊंचापुल पर मंगलवार रात एक कॉलर ने मारपीट और फायरिंग की सूचना देकर सनसनी फैला दी, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस को कोई गोलीबारी नहीं मिली 10 फरवरी 2026 को रात 22:23 बजे तुषार कवड़वाल निवासी मल्ला फतेहपुर, ऊंचापुल थाना मुखानी ने डायल 112 पर सूचना दी कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी ने रात्रि अधिकारी उप निरीक्षक सूरज सिंह और पीसीआर टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तो न तो कोई फायरिंग हुई थी और न ही कोई गंभीर घटना। जांच में सामने आया कि मामला सिर्फ आपसी कहासुनी और हल्की झड़प का था।

झूठी सूचना देने पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

पुलिस ने कॉलर तुषार कवड़वाल पुत्र देवेंद्र चंद्र निवासी मल्ला फतेहपुर, कटघरिया को थाने लाकर पूछताछ की। झूठी सूचना देने और आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग करने पर पुलिस एक्ट के तहत ₹5000 का जुर्माना वसूला गया।

नैनीताल पुलिस का कड़ा संदेश

नैनीताल पुलिस ने साफ कहा है कि डायल 112 एक आपातकालीन सेवा है, जिसका उद्देश्य वास्तविक संकट की स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाना है। झूठी सूचना देकर इस सेवा का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इमरजेंसी सेवाओं का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement