फल की ठेली को लेकर विवाद, दो समुदायों के लोग आमने-सामने, पुलिस ने संभाली स्थिति

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून। शहर के गांधी ग्राम क्षेत्र में बुधवार शाम फलों की ठेली पर हुए विवाद ने कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बना दिया। फल की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते झगड़े में बदल गया, जिसके बाद दोनों समुदायों के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।जानकारी के अनुसार गांधी ग्राम क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला फल की ठेली लगाकर बिक्री कर रही थी। बुधवार शाम कुछ युवकों ने उससे फल खरीदे, जिनमें से कुछ फल खराब निकले। युवकों ने जब फल वापस करने की बात कही तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने बुजुर्ग महिला के साथ गाली-गलौज की और कुछ लोगों ने हाथापाई भी कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। दोनों पक्ष अलग-अलग समुदायों से होने के कारण देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही लक्ष्मण चौक चौकी और नगर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया और हालात को नियंत्रण में लिया।सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि बुधवार शाम चौकी लक्ष्मण चौक को सूचना मिली थी कि गांधी ग्राम क्षेत्र में फल की बिक्री को लेकर दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और झगड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष अलग-अलग समुदायों से होने के कारण मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए थे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। साथ ही पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और पुलिस की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *