दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
रामनगर। विकासखंड रामनगर में प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्था के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने ब्लॉक मिशन प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। विभागीय कार्यों में गंभीर लापरवाही, विवादित निर्णयों और शिकायतों के मद्देनज़र अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया गया है। मामले के अनुसार, क्लस्टर लेवल फेडरेशन के कार्यकारिणी गठन में भारी अनियमितता सामने आई है, जहां एक ही क्लस्टर में दो अध्यक्ष बनाए जाने से असमंजस और विवाद की स्थिति पैदा हो गई। यह स्थिति ब्लॉक मिशन प्रबंधक की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।बताया जा रहा है कि लंबे समय से उनके कार्यों में उदासीनता बढ़ती जा रही थी, जिसका असर सीधे तौर पर विभागीय संचालन और समूहों के बीच तालमेल पर पड़ा। इतना ही नहीं, महिलाओं द्वारा अभद्र व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इसके अलावा धनराशि के वितरण में मनमानी के आरोप भी लगाए गए हैं, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। इन तमाम आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जवाब संतोषजनक न होने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।


