दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
विदेश भेजने के नाम पर ठगी, उत्तराखंड में 14 फर्जी एजेंट बेनकाब, विदेश मंत्रालय की बड़ी कार्रवाही से हड़कंप, STF जांच में जुटी।
उत्तराखंड/देहरादून: विदेश में नौकरी और सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर युवाओं से करोड़ों की ठगी करने वाले फर्जी एजेंटों और कंपनियों पर अब विदेश मंत्रालय ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। उत्तराखंड से संचालित हो रही 14 संदिग्ध एजेंसियों और एजेंटों को विदेश मंत्रालय ने ब्लैक लिस्ट करते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फर्जी घोषित कर दिया है इन एजेंसियों पर आरोप है कि इन्होंने बेरोजगार युवाओं को कनाडा, दुबई, कतर, सऊदी अरब और अन्य देशों में मोटी सैलरी वाली नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठे। कई पीड़ितों से पासपोर्ट, वीजा और टिकट के नाम पर मोटी रकम वसूली गई, लेकिन न नौकरी मिली और न पैसा वापस हुआ। इतना ही नहीं, कुछ लोग विदेश पहुंचने के बाद वहां फंस गए और बेहद खराब परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए विदेश मंत्रालय ने उत्तराखंड की 14 एजेंसियों और एजेंटों को चिन्हित कर फर्जी घोषित किया है। इस कार्रवाई के बाद उत्तराखंड एसटीएफ भी हरकत में आ गई है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा है कि पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


