स्वच्छता अभियान के साथ अतिक्रमण पर सख्ती

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से वार्ड संख्या 06 सुभाषनगर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। हनुमत सेवा सदन के समीप आयोजित इस अभियान का नेतृत्व महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया। अभियान के दौरान क्षेत्र की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर कूड़ा-कचरा हटाया गया तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मौके पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाना है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में विशेष सफाई अभियान लगातार चलाए जाएंगे। इस दौरान महापौर ने अतिक्रमण के मुद्दे पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। आम लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी अभियान में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें और नगर निगम के अभियानों में सहयोग करें, ताकि हल्द्वानी को एक स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *