अमन और भाईचारे के पैगाम के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, हल्द्वानी में उमड़ा जनसैलाब

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को हल्द्वानी में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में शामिल होकर पैगंबर हजरत मोहम्मद की शिक्षाओं को याद किया और शहर में अमन, शांति व भाईचारे की दुआ की। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने जुलूस में शामिल अकीदतमंदों का पानी और खाद्य पदार्थ बांटकर स्वागत किया ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर बुधवार को बनभूलपुरा समेत हल्द्वानी शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी का आयोजन किया गया। जुलूस में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद की शिक्षाओं को याद करते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। जुलूस की शुरुआत लाइन नंबर 17 स्थित मुजाहिद चौक से हुई, जो इंदिरानगर छोटी-बड़ी रोड, नई बस्ती, लाइन नंबर 12 और 16, चोरगलिया रोड, लाइन नंबर 1, छोटी मंडी, मीरा मार्ग, नया बाजार, रेलवे बाजार और किदवई नगर होते हुए वापस मुजाहिद चौक पहुंचा। जुलूस के समापन पर उलेमाओं ने तकरीर करते हुए लोगों से शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ रहने की अपील की तथा देश और शहर में अमन-चैन की दुआ कराई।जुलूस के मार्ग में कई स्थानों पर समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं के लिए पानी, फल और अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की। बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया और सेवा कार्य में भागीदारी की। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता उवैस राजा ने अपने साथियों के साथ जुलूस के पीछे सफाई अभियान चलाया। जुलूस के गुजरने के बाद सड़कों पर बिखरे कचरे को एकत्र कर साफ किया गया, ताकि धार्मिक आयोजन के बाद शहर की सड़कों पर गंदगी न रहे। इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहा ईद मिलाद-उन-नबी मुस्लिम समुदाय के लिए पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिवस की स्मृति से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। इस दिन उनके जीवन, शिक्षाओं और मानवता, प्रेम, करुणा तथा भाईचारे के संदेश को याद किया जाता है। हल्द्वानी में निकला जुलूस भी अमन, सौहार्द और सामाजिक एकता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement