दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले के बाद सुर्खियों में आए पनियाली स्थित त्रिशूल होमस्टे के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को प्रशासनिक टीम ने होटल परिसर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए किचन, स्टोर समेत अन्य निर्माणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से पहले संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया था। इससे पूर्व बिना पंजीकरण संचालन के चलते प्रशासन होमस्टे को सील भी कर चुका है।दरअसल, नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस प्रकरण के सामने आने के बाद पनियाली स्थित त्रिशूल होमस्टे भी जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के दायरे में आ गया था।मामले से जुड़े तथ्यों और होमस्टे के संचालन में अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने पहले होटल को सील किया। इसके बाद परिसर में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित किया गया और संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर जवाब देने का अवसर दिया गया। नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण कर बनाए गए निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद त्रिशूल होमस्टे एक बार फिर चर्चा में है। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और नियमों के विरुद्ध होमस्टे संचालन को लेकर प्रशासन की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









