दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
ऊधमसिंहनगर में किच्छा बाइपास रोड पर बृहस्पतिवार रात बाइक सवार चार युवकों ने स्कूटी सवार युवक को घेरकर लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने तमंचे की बट से उसके सिर पर हमला कर दिया। घायल युवक किसी तरह स्कूटी लेकर वहां से भागा तो आरोपितों ने पीछे से दो राउंड फायर झोंक दिए। गनीमत रही कि युवक गोली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया खेड़ा वार्ड-19 निवासी हर्षित वाल्मीकि रात में स्कूटी से घर लौट रहा था। बाइपास से सटी सड़क पर बाइक सवार संदीप उर्फ चिड़ी, राज, क्रिश और कृष्णा ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि चारों ने उसकी स्कूटी छीनने की कोशिश की। हर्षित ने विरोध किया तो आरोपितों ने तमंचे की बट से उसके सिर पर वार कर दिया हमले के बाद हर्षित शोर मचाते हुए किसी तरह स्कूटी लेकर वहां से भाग निकला। आरोप है कि पीछे से आरोपितों ने उस पर दो राउंड फायर किए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो चारों आरोपित फरार हो गए सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सीओ विभव सैनी ने बताया कि चारों आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।


