दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
नैनीताल – शुक्रवार को मल्लीताल के पुराने घोड़ा स्टैंड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में जल संस्थान का ट्रक अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसा। हादसे में दिल्ली से घूमने आई दो महिला पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पहले एक वैन से टकराया, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे चल रहे लोगों की ओर बढ़ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही दो महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं। हादसा इतना गंभीर था कि एक महिला का हाथ और दूसरी का पैर ट्रक के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए और घायलों को बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया। पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और सभासद भी मौके पर पहुंचे। अस्पताल की पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल के अनुसार रितु डांग (42) और भारवी (20) को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद क्षेत्र में भीड़ जुट गई और लोगों ने जल संस्थान के वाहन संचालन पर सवाल उठाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



