आज मैदानी इलाकों में घना कोहरा, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। सोमवार को जहां मैदानी जिलों में घने कोहरे की चादर छाने की संभावना है, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इस बदलाव से प्रदेशभर में ठंड में इजाफा हो सकता है और खासकर सुबह-शाम सर्द हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर सकती हैं मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और देर रात के समय दृश्यता में कमी आ सकती है, जिससे हाईवे और संपर्क मार्गों पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने के अधिक आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और पहाड़ी इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।

11 फरवरी तक बना रहेगा ऐसा ही मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का रुख लगभग ऐसा ही बना रहेगा। पहाड़ों में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में सुबह-शाम कोहरा और दिन में हल्की धूप का असर देखने को मिलेगा।

12 फरवरी से बदलेगा ट्रेंड, खिल उठेगी धूप

12 फरवरी से मौसम के शुष्क होने की संभावना जताई गई है। मैदानी इलाकों में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी और दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की जा सकेगी। हालांकि सुबह-शाम ठंड का असर कुछ दिनों तक बना रह सकता है।

यात्रियों और किसानों के लिए अहम सलाह

मौसम विशेषज्ञों ने पहाड़ों की ओर यात्रा करने वालों को अपडेट देखकर ही सफर करने की सलाह दी है। कोहरे के दौरान वाहन चालक फॉग लाइट का प्रयोग करें और गति नियंत्रित रखें। वहीं, किसानों को भी मौसम के उतार-चढ़ाव को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के उपाय करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *