ब्लूटूथ से नकल का भंडाफोड़: नवोदय विद्यालय लैब अटेंडेंट परीक्षा में 21 अभ्यर्थी फंसे, 20 गिरफ्तार

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

देहरादून: नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित लैब अटेंडेंट भर्ती परीक्षा में बड़ा नकल रैकेट सामने आया है। देहरादून में दो परीक्षा केंद्रों पर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से नकल करते हुए 17 अभ्यर्थियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। इसके अलावा एक फर्जी अभ्यर्थी और उसके स्थान पर परीक्षा दिलाने आए आरोपी सहित दो और आरोपी हरिद्वार से गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने अब तक कुल 21 अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से 20 गिरफ्तार हो चुके हैं।

सीबीएसई की ओर से यह परीक्षा रविवार को पटेलनगर स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल और डालनवाला स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में दो पालियों में कराई गई थी। पहली पाली में सोशल बलूनी स्कूल से एक अभ्यर्थी के पास से ब्लूटूथ डिवाइस बरामद होने पर पुलिस को सूचना दी गई। तलाशी में डिवाइस जूते में छिपाकर रखी गई थी। आरोपी की पहचान आजमगढ़ (उप्र) निवासी सौरभ यादव के रूप में हुई। इसके बाद सघन जांच में उसी केंद्र से सात अन्य अभ्यर्थियों को भी ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डालनवाला स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में भी छापा मारा, जहां से नौ अभ्यर्थी गिरफ्तार किए गए। सभी आरोपियों के पास से माइक्रो ब्लूटूथ डिवाइस बरामद की गई हैं। पूछताछ में सॉल्वर गैंग के बड़े नेटवर्क की बात सामने आई है, जिसकी जड़ें उत्तर प्रदेश और हरियाणा से जुड़ी बताई जा रही हैं।एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और कई टीमें विभिन्न राज्यों में दबिश दे रही हैं। पकड़े गए सभी डिवाइसों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

इसी बीच एफआरआई केंद्र में एक और फर्जीवाड़ा पकड़ा गया, जहां फैजाबाद निवासी सौरभ सिंह के स्थान पर एक अन्य युवक श्रीचंद परीक्षा देता पकड़ा गया। आधार कार्ड फर्जी निकला और बायोमीट्रिक सत्यापन में मामला खुला। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हरिद्वार से भी दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो हरियाणा स्थित सॉल्वर गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों पर पब्लिक एग्जामिनेशन प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स एक्ट 2024 की धारा 3, 4, 10 और 11 के अलावा आईपीसी की धारा 318 व 61(2) के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों में शामिल

सोशल बलूनी स्कूल से:

सौरभ यादव (आजमगढ़), अमन (हिसार), रोबिन (बागपत), अक्षय मान, नीरज मान (सिनौली), मोहित कुमार (जींद), अंकुश (हिसार), मनीष मलिक (मेरठ)

दून इंटरनेशनल स्कूल से:

पवन, वेंकटेश (श्रीकाकुलम), राकेश (जींद), अंकुर ग्रेवाल (झज्जर), साहिल (सोनीपत), कपिल (रोहतक), अखिल (जींद), विशाल (हिसार), ज्योति (चरखी दादरी)

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, परीक्षा में ईमानदारी से शामिल अभ्यर्थियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement