आंगन में खेल रही बच्ची को उठा ले गया गुलदार, रात में जंगल में मिला शव

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

कोटद्वार। पौड़ी जिले के लैंसडौन तहसील क्षेत्र में जयहरीखाल की ग्राम पंचायत बरस्वार में शनिवार देर शाम गुलदार डेढ़ वर्षीय बच्ची को घर से उठाकर ले गया। बच्ची का शव जंगल से बरामद किया गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। सूचना मिलते ही वन विभाग के साथ ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।यह घटना शनिवार देर शाम करीब सात बजे हुई। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम बरस्वार निवासी जितेंद्र कुमार की डेढ़ वर्ष की बेटी घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान गुलदार ने हमला कर दिया और उसे उठाकर जंगल की तरफ चला गया। परिजनों ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की करीब दो घंटे बाद बच्ची जंगल में पड़ी मिली। ग्रामीण उसे पास के अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही लैंसडौन रेंज के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएफओ लैंसडौन जीवन मोहन ने बताया कि एक टीम क्षेत्र में गश्त पर लगा दी गई है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement