रामपुर रोड पर भीषण सड़क हादसा, मां-बेटे की मौत, एक गंभीर घायल

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित बेलबाबा के पास देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक कार पेड़ से टकरा गई, जिससे मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात 2 से 3 बजे के बीच हुआ, जिसकी आवाज से आसपास के लोग जाग उठे। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान बनभूलपुरा लाइट नंबर 13 निवासी शबाना (45) पत्नी आरिफ सैफी और उनके बेटे अब्दुल यज्जान (15) के रूप में हुई है। वहीं, घायल बेटे अब्दुल रहमान उर्फ लवी (19) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग खून से लथपथ पड़े थे। स्थानीय निवासियों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक मां और बेटे की सांसें थम चुकी थीं। मृतकों और घायल का परिवार मुरादाबाद से हल्द्वानी लौट रहा था। बताया जा रहा है कि बाजार क्षेत्र में देर रात लगी आग के कारण उनकी सिलाई मशीन की दुकान भी खतरे में थी। इसी वजह से परिवार जल्दी लौटने की कोशिश में था।

Advertisement
Advertisement
Advertisement