सड़क निर्माण में देरी से भड़के ग्रामीण, गौला पुल के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी। आठ महीने से अधर में लटके सड़क निर्माण को लेकर हल्द्वानी के चोरगलिया-गौलापार रोड पर ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। प्रशासन की लापरवाही और लंबे इंतजार के बाद अब ग्रामीणों ने गौला पुल के पास अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो जाता, तब तक वे धरने से नहीं हटेंगे। गौरतलब है कि पिछली आपदा में पुल सहित चोरगलिया रोड पूरी तरह बह गई थी, जिससे आवागमन ठप हो गया था। इसके बावजूद प्रशासन ने सड़क निर्माण को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई। अब जबकि बरसात का मौसम फिर करीब आ गया है, ग्रामीणों को डर सता रहा है कि कहीं सड़क की हालत और न बिगड़ जाए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता ने उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर कर दिया।धरने की खबर मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सड़क बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए पेड़ काटने का काम तेज कर दिया गया। लेकिन ग्रामीणों का सवाल है कि आठ महीने से प्रशासन आखिर कहां सोया हुआ था? अगर पहले ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाता, तो उन्हें धरना देने की जरूरत ही नहीं पड़ती। ग्रामिणों का कहना है कि यह सड़क सिर्फ एक रास्ता नहीं, बल्कि हजारों लोगों की जरूरत है। अगर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रशासन की इस ढीली कार्यप्रणाली के खिलाफ ग्रामीणों का संघर्ष जारी रहेगा, जब तक कि उन्हें सड़क निर्माण की ठोस गारंटी नहीं मिल जाती।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement