हल्द्वानी में अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, चला जेसीबी का हथौड़ा

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

बनभूलपुरा-राजपुरा में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, गलियों और जमीन को दिलाया आज़ाद

नगर निगम की भूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, प्रशासन ने दिखाई तत्परता

हल्द्वानी। नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बनभूलपुरा और राजपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की। एसडीएम राहुल शाह और नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में हुई इस अभियान में जहां गलियों में बने तबेले को जेसीबी से हटाया गया, वहीं गौशाला से सटी नजूल भूमि पर हो रहे कब्जे की कोशिश को भी विफल किया गया। बनभूलपुरा के लाइन नंबर 13 में अतिक्रमण कर गली बंद कर दी गई थी और टिनशेड डालकर भैंसों का तबेला बना लिया गया था, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हो रही थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया और गली को पुनः आमजन के लिए खोल दिया। वहीं, राजपुरा क्षेत्र में स्थित नगर निगम की गौशाला के पास खाली पड़ी नजूल भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही थी। टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए न केवल अतिक्रमण हटाया बल्कि मौके पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया और भूमि को सुरक्षित किया। इस दौरान एक आइसक्रीम निर्माण स्थल पर नियमों के उल्लंघन को लेकर चालान किया गया। वहीं, राजपुरा के गोला गेट के पास स्थित नगर निगम के स्लॉटर हाउस परिसर से खींचारों को कब्जे में लेकर गौशाला भेजा गया और वहां पड़ी बुग्गी तथा रेता भी निगम ने जब्त कर लिया। एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों पर ₹30,000 का चालान भी किया गया है और आगे भी इस तरह की कार्यवाही जारी रहेगी। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने कहा कि नगर निगम की संपत्ति पर अतिक्रमण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जनहित को देखते हुए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement