निजी अस्पताल पर उठे सवाल, ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत से परिजनों में आक्रोश

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी शहर में तेजी से खुल रहे निजी अस्पतालों की स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। रामपुर रोड स्थित पीएसपी हॉस्पिटल में उपचार के दौरान एक बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया और परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। जानकारी के अनुसार बागेश्वर जनपद के मंडलसेरा निवासी 65 वर्षीय प्रेम गिरी पुत्र शिव गिरी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। उनका कहना है कि उन्हें उपचार प्रक्रिया और मरीज की स्थिति के संबंध में पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में निजी अस्पतालों में उपचार के दौरान मरीजों की मौत के कुछ मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आधुनिक सुविधाओं और बेहतर उपचार के दावों के बीच मरीजों और उनके परिजनों को कई बार गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष बात यह है कि जिस अस्पताल में यह घटना हुई है, उसका मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उद्घाटन किया गया था। ऐसे में अस्पताल में हुई इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *