हल्द्वानी – धर्म के नाम पर भाजपा नेता को धमकी देने वाला महाराष्ट्र निवासी आरोपी गिरफ्तार, ट्रक चालक को दबोच लाई नैनीताल पुलिस

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी में धर्म के नाम पर नफरत फैलाने, फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, 5 जून 2026 को गौजाजाली बिचली, पुरानी आईटीआई हल्द्वानी निवासी भाजपा नेता कमल जोशी उर्फ़ कमल मुनि ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति उनके मोबाइल पर फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है। साथ ही जान से मारने की धमकी देने के अलावा धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया।शिकायत के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में आरोपी का महाराष्ट्र का निवासी होना सामने आया। पुलिस टीम ने महाराष्ट्र तक पहुंचकर सुरागरसी की और आरोपी की पहचान ट्रक चालक के रूप में की। विवेचना के दौरान मामले में अन्य गंभीर धाराएं भी जोड़ी गईं।लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 23 जून 2026 को आरोपी रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान (35 वर्ष), निवासी हिवारा लोहिला, थाना वासिम ग्रामीण, जिला वासिम, महाराष्ट्र को पंतनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त शाओमी 11 लाइट एनई मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तारी अभियान में मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार और कांस्टेबल अरुण राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का सख्त संदेश –

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि राजनीतिक अथवा किसी अन्य विवाद को धर्म से जोड़कर समाज में वैमनस्य फैलाने, धमकी देने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *