गौलापुल-बनभूलपुरा मार्ग का पुनर्निर्माण शुरू, सांसद अजय भट्ट ने किया शिलान्यास

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

 

1.48 करोड़ की लागत से मानसून से पहले पूरा होगा काम, सड़क की गुणवत्ता पर रहेगा विशेष जोर

 

हल्द्वानी। पूर्व मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट और क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने गुरुवार को बनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गौलापुल तक 120 मीटर क्षतिग्रस्त सड़क के पुनर्निर्माण और सतह सुधार कार्य का शिलान्यास कर कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस परियोजना पर 1 करोड़ 48 लाख 48 हजार रुपये की लागत आएगी और इसे मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने समय रहते इस परियोजना के लिए बजट आवंटित कर दिया था, लेकिन न्यायालयीन प्रक्रिया के कारण कार्य में देरी हुई। अब जब काम शुरू हो गया है, तो इसे समय से और तय मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाना अनिवार्य है। सांसद ने यह भी जानकारी दी कि गौलानदी के किनारे हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित योजना का स्टीमेट तैयार किया है। स्वीकृति मिलते ही उस परियोजना पर भी कार्य शुरू कर दिया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम में मेयर गजराज बिष्ट, मंडल अध्यक्ष पानसिंह मेवाड़ी, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, अधिशासी अभियंता प्रत्यूष सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्थानीय जनता ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर राहत की सांस ली है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement