ऑपरेशन “रोमियो”: 261 हुड़दंगियों पर कार्रवाई, 367 वाहन चालकों पर जुर्माना

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

नैनीताल। जनपद नैनीताल में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में ऑपरेशन “रोमियो” अभियान चलाया गया। इस विशेष मुहिम ने जिला भर में पुलिस की सख्ती का प्रभावी संदेश दिया है। एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र और एसपी क्राइम/यातायात जगदीश चंद्र के नेतृत्व में 19 जून को हल्द्वानी व नैनीताल क्षेत्रों में अभियान तेज किया गया। इस दौरान थानों और चौकियों की टीमों ने ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए सार्वजनिक स्थलों, होटल-ढाबों में शराब पीने, हुड़दंग मचाने और महिलाओं को परेशान करने वाले 261 अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान की कार्रवाई की। इनसे कुल ₹27,500 का जुर्माना वसूला गया।वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया। 367 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई कर ₹1,09,500 का संयोजन शुल्क वसूला गया। 16 वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही शुरू की गई है, जबकि 37 वाहनों को सीज कर दिया गया है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और आम जनता से भी अपील की कि वे किसी भी आपराधिक गतिविधि या सामाजिक अशांति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस का यह विशेष अभियान क्षेत्र में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक ठोस कदम साबित हो रहा है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement