दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
– घर के अंदर 29 वर्षीय अमन ठाकुर का शव मिलने से सनसनी
– पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
– घर में मौजूद लोगों से पूछताछ और सभी पहलुओं से जांच जारी
हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में बुधवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 29 वर्षीय अमन ठाकुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि अमन ठाकुर जवाहर नगर क्षेत्र में एक महिला के घर पर रह रहा था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे पुलिस को युवक की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी में युवक के गले पर तार से चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिसके बाद घटना को हत्या के एंगल से भी देखा जा रहा है हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा घटना को लेकर अवैध संबंधों के शक समेत कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस महिला के दामाद समेत घर में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी एक कारण को लेकर निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे एक युवक की मृत्यु की सूचना पुलिस को मिली थी। मृतक की उम्र लगभग 28-29 वर्ष बताई गई है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण घर में मौजूद परिवार के लोगों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है पुलिस घटना के सभी एंगल से जांच कर रही है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसके पीछे हत्या का मामला है।



