दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
उत्तराखंड में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने को लेकर सरकार ने अब अधिकारियों को तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाना है। इसी सिलसिले में लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने हल्द्वानी में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सड़क निर्माण और रखरखाव से जुड़े विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप 15 अक्टूबर की समय सीमा तक सड़कों की मरम्मत का काम पूरा किया जाए। बरसात के दौरान कई इलाकों में सड़कों पर गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से सामने आए हैं, ऐसे में अब विभागों ने इन्हें दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के इस अभियान में लोक निर्माण विभाग के साथ-साथ पीएमजीएसवाई यानी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और नगर निगम के अधिकारी भी जुटेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पीएमजीएसवाई और संबंधित विभागों की सड़कों को दुरुस्त किया जाएगा, जबकि शहर के अंदर की सड़कों की मरम्मत की जिम्मेदारी नगर निगम द्वारा ली जाएगी लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने बताया कि पीडब्ल्यूडी अपने अधीन आने वाली सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का काम करेगा। वहीं, शहर के अंदर जिन सड़कों का जिम्मा नगर निगम के अंतर्गत आता है, उन्हें नगर निगम टेकअप करेगा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क मरम्मत के काम में किसी तरह की लापरवाही न हो और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए।




