ऑरेंज अलर्ट के चलते स्कूल–आंगनबाड़ी बंद, 28 जनवरी को अवकाश घोषित

Spread the love

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

रुद्रपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 28 जनवरी के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए बड़ा निर्णय लिया है। संभावित हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के हित में जनपद ऊधम सिंह नगर के सभी शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश बुधवार, 28 जनवरी 2026 को प्रभावी रहेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि खराब मौसम के कारण विशेष रूप से छोटे बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया है। हालांकि कक्षा 10 और 12 के उन विद्यार्थियों के लिए, जो सीबीएसई, आईसीएसई, उत्तराखंड बोर्ड अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले हैं, यदि किसी विद्यालय द्वारा अध्ययन, प्रायोगिक या प्री-बोर्ड परीक्षा से संबंधित गतिविधि आयोजित की जाती है तो उसके लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने समस्त तहसीलों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करता पाया गया तो आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *