दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
बोले अब्दुल मतीन सिद्दीकी—मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन पूरी दुनिया के लिए आदर्श, राम नाम प्रेम, त्याग, समर्पण और सद्भाव का प्रतीक
हरिद्वार में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने हरिद्वार स्थित श्री राम नाम विश्व बैंक समिति के आश्रम पहुंचकर संस्था की आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी ली। आश्रम पहुंचने पर संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पमालाओं से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया इस अवसर पर अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि सनातन धर्म में राम नाम का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम केवल आस्था के केंद्र ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए आदर्श व्यक्तित्व हैं। उनके जीवन में निहित त्याग, मर्यादा, समर्पण, विनम्रता और आदर्श आचरण प्रत्येक मनुष्य को श्रेष्ठ जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि राम नाम महज एक शब्द नहीं, बल्कि आस्था, आत्मिक शांति, सद्भाव और मानवता का प्रतीक है। हालांकि, कुछ लोग इसका दुरुपयोग भी करने लगे हैं, जबकि राम का संदेश समाज को जोड़ने और मानवता को मजबूत करने का है उन्होंने श्री राम नाम विश्व बैंक समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राम नाम लेखन और जाप के माध्यम से संस्था देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का सराहनीय प्रयास कर रही है। राम नाम किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग, मर्यादा और भाईचारे का सार्वभौमिक संदेश देता है। आज आवश्यकता है कि हम आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर ऐसे आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें, जिससे समाज में शांति, सद्भाव और एकता की भावना और प्रगाढ़ हो संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुमित तिवारी ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि श्री राम नाम विश्व बैंक समिति राम नाम लेखन, जाप एवं विभिन्न आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से धर्म, संस्कार, शांति, मानवता और सामाजिक भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था सभी वर्गों का सम्मान करते हुए सामाजिक एकता और सद्भाव को सर्वोपरि मानती है कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक चिंतन के साथ सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित अतिथियों ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आध्यात्मिकता के माध्यम से समाज को जोड़ने वाले ऐसे अभियान आज के समय में विशेष महत्व रखते हैं इस अवसर पर डॉक्टर सत्यनारायण सचान, चंद्रशेखर यादव, आशीष यादव, दक्ष पंवार, कुलदीप राय, मुकेश शर्मा, कुलदीप अरोड़ा, राजकुमार, शरद चंद्राकर, मिलन पंड्या, विक्की खान, डॉ. राजेंद्र पाराशर, लव दत्ता, श्रवण शंखधर, रवि कुमार, साहिल शर्मा, सुमित शर्मा, संजय सहगल, देवेश कुमार, संदीप गुप्ता, राजन देव, पंकज शर्मा, अमित शर्मा, उत्तम मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









