दीपक अधिकारी
हल्द्वानी
उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नैनीताल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ओर महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 132 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के साथ ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अब कोई भी नशा तस्कर बच नहीं पाएगा। पुलिस के अनुसार 27 मार्च को हल्द्वानी के एफटीआई गेट के पास सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक महिला को संदिग्ध हालत में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान जोया खान, निवासी गौजाजाली, बनभूलपुरा के रूप में हुई है, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।जांच में सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पूर्व में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा 2000 रुपये के नकद इनाम से पुरस्कृत किया गया है। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष के पहले तीन महीनों में ही 18 तस्करों को गिरफ्तार कर 2 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की स्मैक बरामद की जा चुकी है, जो नशे के खिलाफ चल रही मुहिम की बड़ी सफलता मानी जा रही है। एसएसपी नैनीताल ने दो टूक कहा है कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तस्करों के खिलाफ न केवल गिरफ्तारी बल्कि उनकी अवैध संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई भी लगातार जारी है, ताकि नशे के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।


