सरोवर नगरी नैनीताल में स्टंटबाजी महंगी पड़ी, पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

नैनीताल। मुख्य बाजार इंदिरा मार्केट में तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले युवक को पुलिस ने सबक सिखाया। सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को पकड़कर न केवल उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की, बल्कि उसका वाहन भी सीज कर दिया। एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जिलेभर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्ती से अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मल्लीताल थाना क्षेत्र में एक युवक अमान पुत्र वाहिद सैफी, निवासी पोपलर कंपाउंड नैनीताल द्वारा अपनी थार (UK-05A-8706) को खतरनाक तरीके से चलाने का मामला सामने आया। मामले की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चीता मोबाइल कांस्टेबल वीरेंद्र गोले ने युवक की पहचान कर उसे थाने बुलाया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई कर उसका वाहन सीज कर दिया। इसके साथ ही युवक की काउंसलिंग कर उसे भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत दी गई। नैनीताल पुलिस ने सभी युवाओं से अपील की है कि वे रैश ड्राइविंग और स्टंट जैसे खतरनाक कृत्यों से बचें। इस तरह की लापरवाही न केवल उनकी बल्कि अन्य राहगीरों की जान को भी खतरे में डाल सकती है। सुरक्षित सड़क यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का पालन करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement