बरसाती नाले में बहने से महिला की मौत पानी का पाइप समेटने नाले के पास गई थी महिला

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

हल्द्वानी। धारी तहसील के अंतर्गत ग्राम बूढ़ी बना में 21 मई को हुई मूसलाधार बारिश के कारण ऊफान पर आए बरसाती नाले में बहने से गांव की एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला का शव घटना स्थल से करीब 4 किलोमीटर दूर नाले में मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा। महिला का गमगीन माहौल में स्थानीय श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया जानकारी के अनुसार ग्राम बूढ़ी बना निवासी पुष्पा देवी (42) पत्नी देवेंद्र सिंह बुधवार 21 मई को तेज बारिश के बीच अपने घर के पास नाले में पानी के स्रोत पर बिछे हुए पानी के पाइप को समेटने गई थी। तभी बेडू तोक के ऊपरी हिस्से से होकर आने वाला बरसाती नाला  अचानक ऊफान पर आ गया। पानी के तेज बहाव में वह बह गई। घटना की सूचना मिलते ही उसे ढूंढने के लिए पूरे गांव के लोगों ने पूरी रात कड़ी मशक्कत की। युवाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना पूरी रात नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया। रात में ही मुक्तेश्वर थाना पुलिस को भी बुला लिया गया था। उसका शव करीब 20 घंटे बाद गुरुवार 22 मई को घटनास्थल से लगभग 4 किलोमीटर दूर चुतरखांड़ के पास नदी के किनारे में फंसा हुआ मिला। इस घटना की सूचना एसडीएम धारी केएन गोस्वामी को दी गई। उन्होंने तुरंत ही तहसीलदार धारी को पूरी राजस्व टीम के साथ मौके पर भेज दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक श्री राम सिंह कैड़ा जी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत ही सीएमओ नैनीताल से बात कर डॉक्टरों की टीम मौके पर बुलाकर वहीं पर पोस्टमार्टम करवाया।विधायक कैड़ा ने एसडीएम धारी से पीड़ित परिवार के लिए दैवीय आपदा राहत मुआवजे के लिए भी बात की। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक छा गया। अत्यंत गमगीन माहौल में स्थानीय श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया गया। मृतका अपने पीछे पति व एक पुत्र तथा तीन पुत्रियों का परिवार छोड़ गई है। इस तरह की घटना दोबारा ना हो इसके लिए ग्रामीणों ने बरसाती नाले के पानी को दूसरे नालों में डाइवर्ट करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस नाले से क्षेत्र के काश्तकारों की कृषि भूमि बह रही है। जिस कारण नाले में चेकडैम और सुरक्षा दीवार बननी नितांत आवश्यक है। ग्रामीणों ने नाले का निरीक्षण करने की मांग प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement