फिर डोली धरती…बागेश्वर में 3.4 तीव्रता का भूकंप, सुबह-सुबह घरों से बाहर निकले लोग

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

बागेश्वर: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह एक बार फिर भूकंप के झटकों से हड़कंप मच गया। बागेश्वर जिले और आसपास के इलाकों में सुबह धरती डोलने से लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई है। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NSC) के अनुसार, भूकंप शुक्रवार सुबह 07:48:37 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। सुबह के समय आए झटकों से लोग घबराकर अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी भी तहसील या गांव से नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।गौरतलब है कि उत्तराखंड भूकंप के दृष्टिकोण से संवेदनशील जोन में आता है। ऐसे में समय-समय पर हल्के झटके महसूस होना आम बात है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

Advertisement
Advertisement