परिवाहन विभाग का सड़क सुरक्षा अभियान, 67 वाहनों पर कार्रवाई

दीपक अधिकारी

 

हल्द्वानी

 

हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरटीओ हल्द्वानी के आदेशानुसार दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। 5 और 6 नवंबर को आयोजित इस अभियान में दो प्रवर्तन टीमों ने हल्द्वानी शहर और आस-पास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करना था। पहली टीम में एआरटीओ जितेंद्र कुमार, सहायक परिवहन निरीक्षक (एटीआई) चंदन सुयाल और एटीआई अनिल कार्की ने हल्द्वानी शहर और नैनीताल-भवाली-भीमताल मार्ग पर चेकिंग की। दूसरी टीम में परिवहन कर अधिकारी प्रमोद कर्नाटक और एटीआई चंदन ढेला ने काठगोदाम-हेड़ाखाल-ओखलकांडा मार्ग पर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 67 चालान काटे गए, 12 वाहनों को जब्त किया गया, और 22 मामलों में ओवरलोडिंग पाई गई। ऑटो वेरिफिकेशन SOP लागू होने के बाद 18 मामले बिना वर्दी के पाए गए। साथ ही, बिना परमिट, फिटनेस, टैक्स, बीमा और ओवरस्पीड जैसी अनियमितताओं पर भी कुल 67 मामलों में कार्रवाई की गई।

Advertisement
Advertisement
Advertisement