दमुवाढूंगा में नाले की भूमि पर दो मंजिला अवैध निर्माण पकड़ा, प्रशासन की सख्त कार्रवाई

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

संयुक्त टीम ने मौके पर रुकवाया निर्माण कार्य, अवैध प्लॉटिंग को किया ध्वस्त, अतिक्रमणकारियों को जारी किया नोटिस

हल्द्वानी। बरसात के मौसम में जन-सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने दमुवाढूंगा क्षेत्र में नाले की भूमि पर हो रहे अवैध निर्माणों पर सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को राजस्व विभाग और नगर निगम हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए दो स्थानों पर नाले की भूमि पर हो रहे निर्माणों का खुलासा किया। जांच के दौरान पाया गया कि एक स्थान पर उत्तर प्रदेश निवासी व्यक्ति द्वारा नाले की भूमि पर दो मंजिला भवन का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवाया और अतिक्रमण हटाने हेतु विधिक नोटिस जारी किया।इसके अलावा नाले के किनारे पहले से मौजूद कई भवनों को चिह्नित किया गया, जिन पर मानसून के दृष्टिगत सुरक्षा चेतावनी जारी करते हुए घर खाली करने की सलाह दी गई। वहीं एक अन्य स्थान पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को टीम ने मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयसीमा में अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाए जाने की स्थिति में जबरन हटाने की कार्रवाई की जाएगी। बरसात के समय नालों की भूमि पर किया गया अतिक्रमण जनजीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकता है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एसडीएम राहुल शाह, तहसीलदार मनीषा बिष्ट, राजस्व विभाग व नगर निगम की संयुक्त टीम मौजूद रही।

Advertisement
Advertisement
Advertisement