नियमों की अनदेखी पर बड़ी कार्रवाई, 71 वाहनों के चालान, 15 ऑटो व ई-रिक्शा सीज

दीपक अधिकारी

हल्द्वानी

महिला सुरक्षा और परिवहन मानकों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग का सख्त रुख

हल्द्वानी। परिवहन विभाग ने हल्द्वानी समेत कालाडूंगी, नैनीताल और हैड़ाखान मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस प्रवर्तन कार्रवाई में कुल 71 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 10 ऑटो और 5 ई-रिक्शा समेत 15 वाहनों को सीज किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी जितेंद्र संगवान, परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडे और टीम ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान का संचालन किया। इस दौरान बिना लाइसेंस, टैक्स व फिटनेस दस्तावेज के संचालन, नो-पार्किंग, सीट बेल्ट और हेलमेट न पहनना, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, यूनिफॉर्म न पहनना जैसे मामलों में टैक्सी, मैक्सी कैब, ट्रक, बस, कार और दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की गई।महिला सुरक्षा से जुड़ी एसओपी के उल्लंघन, फिटनेस प्रमाणपत्र की कमी और टैक्स बकाया जैसे गंभीर मामलों में ई-रिक्शा और ऑटो को मौके पर ही सीज किया गया।अभियान में परिवहन निरीक्षक आर.सी. पवार, गिरीश कांडपाल, नंदन रावत, सहायक परिवहन निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट, गोदान सिंह, चंदन सुप्याल, चंदन डेला, अनिल कार्की, अरविंद सिंह, मोहम्मद दानिश और प्रवर्तन चालक महेंद्र, सूर्य प्रकाश सहित विभागीय टीम ने सहभागिता की। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के नियमित अभियान जारी रहेंगे ताकि सड़कों पर सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित किया जा सके।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement